akhbaar update

जन विश्वास अभियान के पहले दिन सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, सीएमएचओ, तहसीलदार और पटवारी निलंबित

 


छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश में शुरू हुए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के पहले ही दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आए। छिंदवाड़ा जिले के विदोरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की शिकायतें सुनते हुए उन्होंने तत्काल प्रभाव से सीएमएचओ डॉ. नरेश गुन्नाड़े, एक तहसीलदार और एक पटवारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कई अधिकारियों और कर्मचारियों की वेतनवृद्धि रोकने का भी निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। इस अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा और भविष्य की योजनाएं भी जनता की जरूरतों के अनुरूप तैयार की जाएंगी।

हर शुक्रवार होगा 'नो मीटिंग डे'

सीएम मोहन यादव ने घोषणा की कि प्रदेश में अब हर शुक्रवार 'नो मीटिंग डे' रहेगा। इस दिन जिला मुख्यालय से लेकर तहसील स्तर तक जन विश्वास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री, विधायक, कलेक्टर, कमिश्नर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में रहकर सीधे जनता की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान का प्रयास करेंगे।

जनप्रतिनिधि करेंगे सीधा संवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से सीधे संवाद करेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निराकरण हो तथा शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत बने।

उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जो कर्मचारी और अधिकारी ईमानदारी तथा जिम्मेदारी से कार्य करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही और अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp