जबलपुर। सिवनी में पदस्थ पंचायत बाबू सुभाष शर्मा के जबलपुर स्थित ठिकानों पर लोकायुक्त की छापेमार कार्रवाई में आय से अधिक संपत्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में उनकी पत्नी शीला शर्मा के नाम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में जमीन, प्लॉट, मकान और फार्म हाउस होने की जानकारी सामने आई है। लोकायुक्त के अनुसार इन संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 6 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के अनुसार क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र, सिवनी में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ सुभाष शर्मा के निवास और फार्म हाउस पर शनिवार को कार्रवाई की गई। लोकायुक्त संगठन को सुभाष शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन की जिम्मेदारी निरीक्षक जितेंद्र यादव को दी गई थी। सत्यापन में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया।
कार्रवाई के लिए लोकायुक्त की दो टीमें बनाई गई थीं। इनमें नीतू त्रिपाठी, रेखा प्रजापति, जितेंद्र यादव, उमा कुशवाह, राहुल गजभिये, शशिकला मस्कुले सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
पत्नी के नाम करोड़ों की जमीन
प्रारंभिक जांच में सुभाष शर्मा और उनकी पत्नी शीला शर्मा के नाम कई कृषि भूमि, शहरी क्षेत्र के प्लॉट, मकान और फार्म हाउस सामने आए हैं।
लोहारी, तहसील पाटन: शीला शर्मा के नाम विभिन्न जमीनें खरीदी गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 11 लाख 2 हजार 156 रुपये बताई गई है।
मुरगवां, तहसील पाटन: शीला शर्मा के नाम जमीन मिली है, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख 91 हजार 658 रुपये है।
गोहलपुर, तहसील अधारताल: कई प्लॉट शीला शर्मा के नाम पाए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 47 लाख 48 हजार 996 रुपये बताई गई है।
करमेता, तहसील अधारताल: शीला शर्मा के नाम 4,581 वर्गफुट जमीन मिली है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 88 लाख 45 हजार 288 रुपये बताई गई है।
दो मंजिला मकान और फार्म हाउस भी मिला
लोकायुक्त की जांच में अम्बेडकर कॉलोनी, राजीव गांधी वार्ड में शीला शर्मा के नाम दो मंजिला पक्का मकान भी सामने आया है। करीब 2,800 वर्गफुट के भू-तल और 2,000 वर्गफुट के प्रथम तल, यानी कुल 4,800 वर्गफुट में बने इस मकान की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा पारस कॉलोनी में भी शीला शर्मा के नाम करीब 1,500 वर्गफुट में निर्मित दो मंजिला मकान मिला है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
वहीं ग्राम लोहारी, तहसील पाटन में शीला शर्मा के नाम फार्म हाउस भी मिला है। इसमें करीब 3,000 वर्गफुट का पक्का निर्माण है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है।
लोकायुक्त टीम अब सामने आई संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों, खरीद के स्रोत और आरोपी की आय के बीच अंतर की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और आय से अधिक संपत्ति की स्थिति स्पष्ट होगी।