जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक और युवती को 11 किलो 184 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 59 हजार 200 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए
बरगी बायपास स्थित नेचर ढाबा के सामने युवक और युवती के संदिग्ध हालत में खड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की टीम ने साई टी स्टॉल के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संध्या सरोते (19) निवासी डिंडौरी और वर्तमान में गोरखपुर निवासी, तथा हिमांशु बावरिया (22) निवासी गोरखपुर और वर्तमान में शक्तिनगर गढ़ा निवासी के रूप में हुई।
दोनों बैग से मिला गांजा
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान हिमांशु के नीले बैग और संध्या के पिट्ठू बैग से गांजे के पैकेट बरामद हुए। तौल करने पर कुल 11 किलो 184 ग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने गांजे के अलावा दोनों बैग, दो कंबल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।