जबलपुर। लार्डगंज थाना पुलिस ने जेडीए बिल्डिंग शताब्दीपुरम के पास चेकिंग के दौरान एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 3 पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गोहलपुर और विजय नगर थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ये हथियार लकी पटेल से खरीदे थे। लकी पटेल को हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक पिस्तौल की कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपये थी। पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
सीएसपी अखिलेश गौर के अनुसार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हथियार कहां से आए और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
