गोरखपुर थाना क्षेत्र की घटना, बस जब्त, चालक हिरासत में
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में महर्षि स्कूल के सामने गुरुवार को एक यात्री बस ने पुलिस के डायल 112 वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में डायल 112 का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन के पायलट नीरज भार्गव घायल हो गए। उनके सिर, सीने, हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोरखपुर थाना से डायल 112 वाहन महर्षि विद्या मंदिर के सामने से बंदरिया तिराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस ने तेज रफ्तार में पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डायल 112 का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पायलट नीरज भार्गव को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद बस चालक पुलिस से विवाद करने लगा, जिसके चलते कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस को जब्त कर लिया और थाने ले गई।
दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।