akhbaar update

जबलपुर की घटती उड़ानों पर व्यापारियों ने उठाई आवाज, इंडिगो से सेवाएं बढ़ाने की मांग

 




जबलपुर।  लगातार कम हो रही हवाई सेवाओं को लेकर फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इंडिगो एयरलाइन से उड़ानें बढ़ाने की मांग की है। फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में इंडिगो के अधिकारियों से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जबलपुर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन केंद्र है। ऐसे में हवाई सेवाओं में लगातार कमी आने से व्यापार, निवेश और पर्यटन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने मुंबई और बेंगलुरु की उड़ानों को सप्ताह में चार दिन किए जाने पर भी चिंता जताई और इन्हें फिर से प्रतिदिन संचालित करने की मांग की।

फेडरेशन ने बताया कि पहले जबलपुर से अहमदाबाद, पुणे, कोलकाता और चेन्नई के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध थीं, लेकिन अब ये सेवाएं बंद हो चुकी हैं। वर्तमान में केवल दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और इंदौर के लिए ही सीमित उड़ानें संचालित हो रही हैं।

व्यापारियों का कहना है कि उड़ानों की संख्या कम होने से कारोबारियों, निवेशकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका मानना है कि बेहतर हवाई संपर्क से ही शहर में उद्योग, व्यापार और पर्यटन को गति मिल सकती है।

फेडरेशन ने इंडिगो से बंद की गई उड़ानों को दोबारा शुरू करने और नियमित सेवाएं बहाल करने का आग्रह किया है। साथ ही राज्य सरकार से भी नई एयरलाइन कंपनियों को जबलपुर लाने के लिए विशेष प्रयास करने और एयरपोर्ट को क्षेत्रीय हवाई केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update