akhbaar update

सेवानिवृत्त कर्मचारी से लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

 



जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस ने रेवा कॉलोनी में एक बुजुर्ग से लूट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों का इलाके में जुलूस निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे रुककर आरोपियों को देखते रहे।

पुलिस के अनुसार करमेता निवासी 66 वर्षीय मुन्नालाल पटेल सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं। सोमवार रात करीब 10 बजे वह सब्जी और फल खरीदकर घर लौट रहे थे। रेवा कॉलोनी मोड़ के पास बाइक पर आए तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनकी जेब से मोबाइल फोन और नकदी छीनकर भाग गए।

मुन्नालाल ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने परिजनों के साथ माढ़ोताल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान राजीव गांधी नगर बस्ती में दबिश देकर राहुल चौधरी (24), अभिषेक चौधरी (22) और सुमित उर्फ अन्नू चौधरी (20) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि अब तीनों से शहर में हुई अन्य लूट और चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update