akhbaar update

प्रदेश में बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी

 




भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इंदौर, उज्जैन, खरगोन, देवास, खंडवा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, कटनी, पन्ना, झाबुआ और अलीराजपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विभाग का अनुमान है कि प्रभावित जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, भोपाल, सागर, जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल और सिंगरौली सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

शनिवार को बैतूल, धार, इंदौर, खरगोन, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, हरदा और सीहोर समेत 20 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। लगातार वर्षा के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। धार प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलमग्न पुल-पुलियों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update