जबलपुर। गोहलपुर थाने में मुस्लिम समुदाय की बड़ी संख्या में महिलाओं ने यूट्यूबर नाज़िया इलाही खान के खिलाफ प्रदर्शन कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि नाज़िया इलाही खान ने अपने पॉडकास्ट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वीडियो में पैगंबर मोहम्मद साहब के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। महिलाओं का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है।
ज्ञापन में महिलाओं ने नाज़िया इलाही खान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, विवादित वीडियो हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और कानून के अनुसार कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।
गोहलपुर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।