जबलपुर। नचिकेता स्कूल के छात्रों के बीच चल रहा विवाद मंगलवार को हिंसक हो गया। शारदा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने कुछ युवकों ने दो छात्रों पर चाकू और लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना में छायांक यादव और उसका दोस्त भविष्य विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल छात्र छायांक यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूल से उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। उसे अपने सहपाठी हितेश आहूजा पर मोबाइल चोरी करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
छायांक के अनुसार पहले उसे रानीताल चौक बुलाया गया, लेकिन बाद में मिलने की जगह बदलकर शारदा चौक कर दी गई। वह अपने दोस्त भविष्य विश्वकर्मा और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा तो पहले से मौजूद हितेश और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।
हमले में छायांक के सिर और हाथ में चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने आए भविष्य विश्वकर्मा के पैर पर चाकू से कई वार किए गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।