राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। खुजनेर थाना क्षेत्र के भीलखेड़ी जोड़ के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार (एमपी09 सीसी 6414) अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे तालाब में जा समाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के दरवाजे लॉक हो गए थे और शीशे भी बंद थे, जिसके कारण अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति को बाहर निकालकर सीपीआर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी भी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही खुजनेर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार को तालाब से बाहर निकालकर उसमें फंसे लोगों को निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि कार सीधे तालाब में गिरने के बाद दरवाजे लॉक हो गए और शीशे बंद होने से सवार बाहर नहीं निकल पाए, जिससे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।