नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने मलबे से चार लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, घटना के बाद दमकल, पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। आशंका है कि मलबे में कुछ अन्य लोग भी दबे हो सकते हैं।
यह हादसा रोहिणी जिले के केएन काटजू थाना क्षेत्र के सेक्टर-16 में हुआ। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में टीमों की मदद की और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत में मौजूद मकान मालिक और कुछ मजदूर मलबे में दब गए। एक राहगीर भी हादसे की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया है।
प्रशासन ने बताया कि इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है तथा पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।