जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी स्थित नर्मदा परिसर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय मकान मालिक महिला अपनी बहन के साथ अमरनाथ यात्रा पर गई हुई थीं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नर्मदा परिसर सुहागी निवासी अन्नपूर्णा पांडेय अपनी बहन के साथ अमरनाथ यात्रा पर गई हुई हैं। घर की देखभाल के लिए उन्होंने पड़ोस में रहने वाले सागर श्रीवास्तव को चाबी दी थी।
ताले टूटे और सामान बिखरा मिला
बताया गया कि अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरों में रखी अलमारी और अन्य सामान को खंगाला। चोर अलमारी के लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।
बीती शाम जब सागर श्रीवास्तव घर पहुंचे तो बाहर का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सेंट्रल टेबल की दराज खुली हुई थी और अलमारी के लॉकर भी टूटे पड़े थे। उन्होंने तत्काल अन्नपूर्णा पांडेय को घटना की जानकारी दी।
अन्नपूर्णा पांडेय के कहने पर सागर ने घर का वीडियो बनाकर उन्हें भेजा। वीडियो में बेडरूम में रखी अलमारी और दीवान का सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। महिला ने बताया कि घर में सोने की चेन सहित अन्य जेवर रखे हुए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।