जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र की एलआईसी कॉलोनी (प्रेमनगर) में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। कार चलाना सीख रही 16 वर्षीय किशोरी का वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार कार पड़ोसी के मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए सीधे घर के अंदर जा घुसी।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार किशोरी बिना किसी प्रशिक्षक या अनुभवी चालक की मौजूदगी के कार चलाना सीख रही थी। इसी दौरान वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सकी।
कार की रफ्तार अधिक होने के कारण वह मकान की बाउंड्री और दीवार तोड़ते हुए कमरे के भीतर पहुंच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कार के एयरबैग खुल गए, जिससे किशोरी को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं जिस कमरे में कार घुसी, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को घर के अंदर से बाहर निकाला गया।