जबलपुर। पनागर के पड़ाव मोहल्ला में पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडर से ऑटो में गैस भरने का अवैध कारोबार पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गैस रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया, जबकि ऑटो चालक मौके से भाग निकला।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पड़ाव मोहल्ला में मोहित टेंट हाउस के सामने घरेलू गैस सिलेंडर से ऑटो में गैस भरी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति इंडेन कंपनी के एलपीजी सिलेंडर को इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर रखकर मोटर पंप की मदद से ऑटो में गैस भर रहा था। पुलिस को देखते ही ऑटो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बड्डू बर्मन निवासी पड़ाव मोहल्ला, पनागर बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक घरेलू गैस सिलेंडर, नोजल और पाइप, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, गैस भरने में इस्तेमाल होने वाला मोटर पंप और ऑटो क्रमांक एमपी-20-आर-7411 जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।