मंडला। मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शुक्रवार देर रात सूजी से भरा एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। बबैहा और कोंडरा गांव के बीच घाट सेक्शन में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें लदा माल सड़क और घाट किनारे बिखर गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक जबलपुर से मंडला की ओर जा रहा था। रास्ते में वाहन में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे ठीक किया गया और यात्रा दोबारा शुरू की गई। लेकिन घाट की चढ़ाई के दौरान ट्रक अचानक बंद हो गया और पीछे की ओर लुढ़कने लगा।
चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सूजी की बोरियां आसपास बिखर गईं।
सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बिखरे सामान की सुरक्षा के लिए रातभर जवानों को तैनात रखा तथा ट्रक मालिक को घटना की जानकारी दे दी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।