जबलपुर। क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में दीनदयाल बस स्टैंड के पास से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11 किलो 301 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5.65 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि एक युवक बैगों में अवैध गांजा लेकर बस स्टैंड के बाहर खड़ा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रिंस बर्मन (22) निवासी कंकाली मोहल्ला, सिहोरा बताया। तलाशी के दौरान उसके तीन बैगों से गांजे के 11 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 11 किलो 301 ग्राम निकला। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि यह खेप सिवनी से लाई गई थी, जिसे सिहोरा में पहुंचाया जाना था। मामले में जय सेलर और मुकेश साहू को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।