akhbaar update

वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार




10 बाइक और 10 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद, करीब 12 लाख रुपए का माल जब्त

जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी और बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिल और 10 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से शहर में हुई अन्य वाहन चोरी और बैटरी चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

वाहन चोरी के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, आनंद नगर कॉलोनी क्षेत्र में कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों से घूमते हुए दिखाई दिए थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर तीन युवकों को पकड़ा। उनसे वाहनों के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस उन्हें थाने लेकर आई और पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में मोहम्मद सादाब (19), फैजान खान (20) और शाहरुख खान (25) को गिरफ्तार किया है।

शहर के कई थाना क्षेत्रों से चोरी की थीं बाइक

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों में एक वाहन गोहलपुर, तीन ग्वारीघाट, एक गोरखपुर, एक मदन महल, एक अधारताल, एक ओमती, एक रांझी और एक वाहन सिलौड़ी चौकी क्षेत्र से चोरी किया गया था।

बरामद वाहनों में एक्सेस 125, टीवीएस अपाचे, होंडा लिवो, पैशन प्रो, स्प्लेंडर प्लस और बजाज पल्सर सहित अलग-अलग कंपनियों की मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, एक एक्सेस स्कूटर के संबंध में गोहलपुर थाने में अपराध क्रमांक 434/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। अन्य वाहनों के मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है।

दो आरोपियों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में फैजान खान के खिलाफ लूट, चोरी और अवैध शराब से जुड़े करीब 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, शाहरुख खान उर्फ टूटी के खिलाफ चोरी, मारपीट और अवैध हथियारों से जुड़े करीब 14 मामले दर्ज बताए गए हैं।

10 ई-रिक्शा बैटरियां भी बरामद

गोहलपुर थाना क्षेत्र में संजीवनी अस्पताल, सूजी मोहल्ला और चौधरी मोहल्ला-रद्दी चौकी क्षेत्र से ई-रिक्शा की 10 बैटरियां चोरी हुई थीं। पुलिस ने इन मामलों की जांच करते हुए मोहम्मद फैजल अंसारी (20), मोहम्मद इमरान (18) और मोहम्मद अशफाक (18) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 बैटरियां बरामद कर लीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp