16 ट्रेनें रद्द, 24 के मार्ग बदले गए; यात्रियों को यात्रा से पहले स्थिति जांचने की सलाह
नई दिल्ली। दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। कोयले से भरी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। हादसे के बाद इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर यातायात प्रभावित हो गया। रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
उत्तर रेलवे के अनुसार, रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने तक ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। हादसे के कारण लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं।
53 ट्रेनों पर पड़ा असर
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारण कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग बदला गया, जबकि 16 यात्री ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 5 ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है और 8 ट्रेनों को नियंत्रित किया गया है।
आनंद विहार की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे के वैकल्पिक मार्गों से चलाया गया।
कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन में बदलाव
हादसे के कारण गोल्डन टेंपल मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, नंदा देवी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और शिवगंगा सुपरफास्ट सहित कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
इसके अलावा मगध एक्सप्रेस, गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत और उज्जैनी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों पर भी असर पड़ा है।
उपनगरीय सेवाएं भी प्रभावित
गाजियाबाद और नई दिल्ली के बीच चलने वाली कई यात्री सेवाओं को भी प्रभावित किया गया है। कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया, जबकि कुछ को नई दिल्ली से ही चलाया गया। वहीं, कुछ ट्रेनों का संचालन गाजियाबाद स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया।
रेलवे ने यात्रियों को दी सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। ट्रेन की जानकारी रेलवे की यात्री सूचना सेवा या सहायता नंबर 139 से प्राप्त की जा सकती है।
रेलवे की टीमें प्रभावित रेलखंड पर युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।