akhbaar update

सिहोरा की पालीवाल कॉलोनी में कीचड़ में फंसी स्कूल बस, ढाई घंटे बाद ट्रैक्टर से निकाली गई

 


जबलपुर। सिहोरा की पालीवाल कॉलोनी में सड़क नहीं होने की समस्या एक बार फिर सामने आई। शनिवार सुबह बच्चों को लेने पहुंची मेरिडियन स्कूल की बस कीचड़ में फंस गई, जिससे बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से बस को बाहर निकाला जा सका।

जानकारी के अनुसार, खितौला नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-12 स्थित पालीवाल कॉलोनी में मेरिडियन स्कूल की बस (एमपी 20 जेड डब्ल्यू 7033) सुबह करीब 9 बजे बच्चों को लेने पहुंची थी। इसी दौरान बारिश से दलदल बनी सड़क में बस का पहिया धंस गया और बस आगे नहीं बढ़ सकी।

स्थानीय लोगों और ट्रैक्टर की मदद से लगभग ढाई घंटे बाद बस को टोचन कर बाहर निकाला गया। इस दौरान बस अपने अन्य निर्धारित स्टॉप तक नहीं पहुंच सकी, जिसके कारण कई बच्चे स्कूल नहीं जा सके। वहीं कुछ अभिभावकों ने अपने बच्चों को निजी वाहन से स्कूल पहुंचाया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कॉलोनी के इस हिस्से में अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश के दौरान पूरा रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल जाता है, जिससे स्कूल बसों और अन्य वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। लोगों का आरोप है कि हर साल ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp