जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र स्थित शराब दुकान में शराब नहीं मिलने पर एक युवक ने जमकर हंगामा कर दिया। आरोपी ने पहले शराब और पैसे की मांग की, इनकार मिलने पर सेल्समेन के साथ मारपीट की और गोली मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उमरिया निवासी टिंकू कुमार सिंह खमरिया शराब दुकान में सेल्समेन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 जुलाई को दोपहर करीब 12:45 बजे बबलू यादव कार (एमपी 04 सीएन 2701) से दुकान पर पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे व शराब की बोतल मांगने लगा।
जब सेल्समेन ने शराब और पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने गोली मारकर जान से खत्म करने की धमकी दी और दुकान का गेट खोलकर अंदर घुस गया। आरोप है कि उसने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर सेल्समेन के गाल और पीठ पर चोट पहुंचाई।
दुकान में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खमरिया थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।