एमपीपीएससी परीक्षा पास कर हिमांशु सोनी ने जबलपुर में संभाली प्रशासनिक जिम्मेदारी
जबलपुर। शारीरिक चुनौती को अपनी मंजिल के रास्ते में बाधा न बनने देने वाले हिमांशु सोनी ने मंगलवार को जबलपुर में डिप्टी कलेक्टर के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित हिमांशु सोनी जब कलेक्ट्रेट पहुंचे तो सभी की निगाहें उन पर टिक गईं।
व्हीलचेयर पर कलेक्ट्रेट पहुंचे हिमांशु सोनी ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पदभार ग्रहण किया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने उनका अधिकारियों से परिचय कराया। इसके बाद वे सीधे जनसुनवाई कक्ष पहुंचे और कलेक्टर के साथ आम नागरिकों की समस्याएं सुनने लगे।
124 आवेदन लेकर पहुंचे नागरिक
मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान कुल 124 आवेदन प्राप्त हुए। किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के बाद भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की।
इसके अलावा भू-अर्जन मुआवजा, मकान क्षति सहायता, नामांतरण, सीमांकन, अतिक्रमण, बीपीएल और राशन कार्ड, छात्रवृत्ति, अनुकंपा नियुक्ति, संबल योजना, राजस्व रिकॉर्ड में सुधार, भूमि डायवर्सन और आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदन भी अधिकारियों को सौंपे गए।
अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और आवेदकों को राहत देने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, एके सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संघर्ष से प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने की प्रेरक कहानी
हिमांशु सोनी का प्रशासनिक सेवा में चयन उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो किसी भी चुनौती को अपनी सफलता के रास्ते में बाधा मान लेते हैं। ऑनलाइन पढ़ाई के जरिए तैयारी करते हुए उन्होंने एमपीपीएससी परीक्षा पास की और अब राज्य प्रशासनिक सेवा में अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मंगलवार को उनकी पहली जनसुनवाई में मौजूदगी ने प्रशासनिक सेवा में उनकी नई पारी की शुरुआत को खास बना दिया।