पासबुक अपडेट कराने पहुंचे तो सामने आया मामला, लार्डगंज पुलिस ने शुरू की जांच
जबलपुर। शहर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक सीमेंट कारोबारी के बैंक खाते से सात दिनों के भीतर अलग-अलग लेनदेन के जरिए 1 लाख 87 हजार 472 रुपये निकाल लिए गए। कारोबारी को इसकी जानकारी तक नहीं लगी। जब वह पासबुक में लेनदेन की एंट्री कराने बैंक पहुंचे, तब खाते से रकम निकाले जाने का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार शताब्दीपुरम फेस-2 निवासी सुनील दुबे राइट टाउन स्थित श्रीजी एसोसिएट्स के नाम से सीमेंट का कारोबार करते हैं। उनका खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मालवीय चौक शाखा में है।
पासबुक अपडेट कराने पर हुआ खुलासा
सुनील दुबे 17 जुलाई को अपने बैंक खाते की पासबुक अपडेट कराने पहुंचे थे। बैंक में एंट्री कराने के बाद उन्होंने खाते का लेनदेन देखा तो उनके होश उड़ गए। रिकॉर्ड में 10 जुलाई से 16 जुलाई के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1 लाख 87 हजार 472 रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आई।
कारोबारी के अनुसार, उन्होंने न तो ये लेनदेन किए और न ही किसी को खाते से रकम निकालने की अनुमति दी थी। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
साइबर टीम खंगाल रही डिजिटल साक्ष्य
शिकायत के आधार पर लार्डगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर टीम की मदद से बैंक खाते में हुए सभी लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई और आरोपितों ने खाते से पैसे निकालने के लिए किस तरीके का इस्तेमाल किया। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।