जबलपुर। सेठ गोविंद दास शासकीय जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया अस्पताल) में सोमवार को नवनिर्मित एमआरआई जांच केंद्र का लोकार्पण किया गया। इस सुविधा के शुरू होने के बाद अब जबलपुर सहित महाकौशल क्षेत्र के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए निजी जांच केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
अस्पताल परिसर में ही एमआरआई जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को कम खर्च में जांच कराने का लाभ मिलेगा। खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली मानी जा रही है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा : राकेश सिंह
लोकार्पण कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विक्टोरिया अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू होना जबलपुर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और दूसरे जिलों से आने वाले मरीजों के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।
मंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के इलाज में जांच का खर्च गरीब परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता था। अब आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज मिल रहा है। इसके साथ ही जिला अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू होने से मरीजों को महंगे निजी जांच केंद्रों से राहत मिलेगी।
विक्टोरिया अस्पताल का होगा और विस्तार
राकेश सिंह ने उत्तर-मध्य विधायक अभिलाष पांडे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से अस्पताल में यह सुविधा शुरू हो सकी है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में विक्टोरिया अस्पताल का और विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में करीब 1,250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक विस्तार की योजना भी तैयार की गई है। इससे जबलपुर सहित पूरे महाकौशल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।