जबलपुर। राज्य शिक्षा केंद्र और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा का परिणाम 7 जुलाई को दोपहर 2 बजे घोषित किया जाएगा। विद्यार्थी और अभिभावक राज्य शिक्षा केंद्र की वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
रिजल्ट देखने के लिए विद्यार्थियों को www.rskmp.in/result.aspx पोर्टल पर जाना होगा। इसी पोर्टल के माध्यम से शिक्षक और स्कूल प्रबंधन भी अपनी शाला के विद्यार्थियों का परिणाम देख सकेंगे।
राज्य शिक्षा केंद्र ने 16 से 23 जून के बीच कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा आयोजित की थी। इस परीक्षा में प्रदेश के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों और पंजीकृत मदरसों के लाखों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था।
आंकड़ों के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षा में 1 लाख 17 हजार से अधिक और कक्षा 8वीं में 1 लाख 32 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे।
17 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने विद्यार्थियों के अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज की है, जिसके बाद अब परिणाम जारी किए जा रहे हैं।