जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के महगवां काशी गांव में एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाले दो भाइयों पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने, सामान गायब करने और कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महगवां काशी निवासी 46 वर्षीय सुनील खरकोंदा ने पुलिस को बताया कि 14 जून की दोपहर वह घर पर नहीं थे। इसी दौरान पड़ोसी नंदकिशोर तिवारी और दिनेश तिवारी कथित रूप से घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने घर के मुख्य दरवाजे को हटाकर वहां दीवार खड़ी कर दी और बिजली मीटर समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। घर में रखे सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, करधनी, बर्तन, कपड़े, सीलिंग फैन, सेटटॉप बॉक्स और साइकिल भी गायब मिली।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद जब वह घर पहुंचे तो मकान की स्थिति बदली हुई थी और काफी सामान नहीं मिला।
पुलिस ने सुनील खरकोंदा की शिकायत पर नंदकिशोर तिवारी और दिनेश तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। साथ ही गायब सामान की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सुरक्षा और न्याय की मांग की है।