जबलपुर। मंडला जा रही वन विभाग की महिला रेंजर सोनम जैन की बुलेरो सोमवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। बालई नदी के पुल के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं।
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सोनम जैन जबलपुर से मंडला जा रही थीं। इसी दौरान पुल के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बुलेरो सीधे नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी घायलों को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम होने के कारण वाहन पलटा नहीं, जिससे उसमें सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद मिली और एक बड़ा हादसा टल गया।
घायलों में महिला रेंजर सोनम जैन, तीन वर्षीय अभ्यांश जैन, 19 वर्षीय शिवानी यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जबलपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सोनम जैन की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।