akhbaar update

मानेगांव में किराना दुकान पर बम से हमला, हफ्ता नहीं देने पर बदमाशों ने मचाई दहशत

 





जबलपुर। मानेगांव के गांधी चौक में सोमवार दोपहर दो बदमाशों ने एक किराना दुकान पर बम फेंककर दहशत फैला दी। आरोप है कि बदमाशों ने दुकानदार से हर महीने पांच हजार रुपए हफ्ता देने की मांग की थी। इनकार करने पर पहले कट्टा अड़ाकर धमकाया और बाद में दुकान पर एक के बाद एक बम फेंक दिए।

धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा और चारों ओर धुआं फैल गया।

पीड़ित संजय श्रीपाल ने बताया कि दो युवक दुकान से सामान लेकर जाने लगे। रुपए मांगने पर उन्होंने कट्टा निकाल लिया और हफ्ता देने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपी कुछ देर बाद वापस लौटे, कट्टे से फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों ने दुकान पर बम फेंक दिए और भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान विवेक कोल और मोनू शुक्ला के रूप में की है और उनकी तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update