दमोह। पथरिया थाना क्षेत्र के नंदरई गांव में गुरुवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी नानी गंभीर रूप से झुलस गईं।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे गोलू आदिवासी के घर पर अचानक बिजली गिर गई। उस समय घर में राजेश गौंड की दो वर्षीय बेटी देवांशी और उसकी नानी केशरानी (58 वर्ष) मौजूद थीं। बिजली गिरते ही बच्ची उसकी चपेट में आ गई और बेहोश हो गई, जबकि केशरानी गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजन दोनों को तत्काल पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद देवांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, केशरानी की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।