akhbaar update

ऐप से बंद हो रहे ई-रिक्शा, चालकों की रोजी-रोटी पर संकट

 




जबलपुर। ई-रिक्शा चालकों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। कई ई-रिक्शा चलते-चलते अचानक बंद हो रहे हैं, जिससे चालकों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। आरोप है कि एक मोबाइल ऐप के जरिए दूर से ई-रिक्शा को लॉक किया जा रहा है।

जांच के दौरान सामने आया कि कुछ ई-रिक्शा में इस्तेमाल होने वाली स्मार्ट बैटरियां मोबाइल ऐप से नियंत्रित की जा सकती हैं। रिक्शा चालक जाकिर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनका ई-रिक्शा अचानक बंद हो जाता है, जिससे उन्हें यात्रियों के सामने परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पड़ताल में मोबाइल का ब्लूटूथ ऑन कर बैट-बीएमएस ऐप से ई-रिक्शा की बैटरी को कनेक्ट किया गया। कनेक्ट होने के बाद रिक्शा का नियंत्रण ऐप के जरिए संभव हो गया। ऐप में मौजूद ऑफ विकल्प को दबाते ही ई-रिक्शा बंद हो गया। इससे यह आशंका बढ़ गई है कि असुरक्षित सेटिंग्स या खुले ब्लूटूथ कनेक्शन का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

बैट-बीएमएस एक मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे बैटरी प्रबंधन के लिए विकसित किया गया है। इसका उपयोग बैटरी की स्थिति देखने और उसे नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। हालांकि, अब इस तकनीक के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आने लगी हैं।

ई-रिक्शा चालकों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और ऐसे ऐप के दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो और यात्रियों की सुरक्षा भी बनी रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update