akhbaar update

जबलपुर में शराब ठेकेदार के दफ्तर पर बमबाजी, अवैध वसूली के दबाव में वारदात की आशंका

 





रतन कॉलोनी में देर रात मची दहशत, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर। संस्कारधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। गोरखपुर थाना क्षेत्र की रतन कॉलोनी में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक शराब ठेकेदार के दफ्तर के बाहर बम फोड़कर दहशत फैला दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रात दो बजे गूंजे धमाके

जानकारी के मुताबिक रतन कॉलोनी स्थित शराब कारोबारी आशीष शिवहरे के कार्यालय के सामने शुक्रवार देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अज्ञात बदमाश पहुंचे और बमबाजी कर फरार हो गए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची गोरखपुर थाना पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से सुतली और बारूद के अवशेष बरामद किए हैं, जिससे बम फोड़े जाने की पुष्टि हुई है।

अड़ीबाजी को लेकर वारदात की आशंका

कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी अशोक मिश्रा ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले तीन युवक एक स्कूटर पर सवार होकर आए थे। कर्मचारियों ने आरोपियों की पहचान कर ली है। उनका आरोप है कि आरोपी लंबे समय से अवैध वसूली के लिए दबाव बना रहे थे और डराने-धमकाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update