akhbaar update

फैक्ट्री की लिफ्ट गिरने से महिला श्रमिक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

 



जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई औद्योगिक इलाके में स्थित अनमोल नमकीन फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री की लिफ्ट अचानक नीचे गिरने से उसकी चपेट में आई महिला कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान जवाहर नगर निवासी 42 वर्षीय मालती केवट के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि सुबह वह लिफ्ट के पास सफाई कर रही थीं, तभी अचानक लिफ्ट अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरी। हादसे में मालती गंभीर रूप से घायल हो गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग फैक्ट्री पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्थाओं में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था और लिफ्ट के रखरखाव में भी गंभीर लापरवाही बरती गई।

सूचना मिलने पर अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। साथ ही फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था, लिफ्ट के मेंटेनेंस रिकॉर्ड और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update