जबलपुर। मानसून के दौरान वर्षा जल का अधिक से अधिक उपयोग करने और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की पहल पर निगम शहरभर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण के कार्य तेज़ी से कर रहा है।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बारिश की हर बूंद को सहेजना और भविष्य के लिए जल संकट को कम करना है। इसके लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कई योजनाओं पर काम शुरू किया गया है।
नगर निगम लोगों को वर्षा जल संचय के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चला रहा है। टीम घर-घर पहुंचकर नागरिकों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित कर रही है, ताकि बारिश का पानी व्यर्थ न जाए। भूजल स्तर बढ़ाने के लिए शहर के सार्वजनिक हैंडपंपों और बोरवेल के पास रिचार्ज शाफ्ट बनाए जा रहे हैं। इससे वर्षा का पानी जमीन के अंदर पहुंचेगा और भूजल स्तर में सुधार होने के साथ सूखते जल स्रोतों को भी फायदा मिलेगा।
नगर निगम पुराने कुओं की सफाई और गाद निकालने का काम भी करा रहा है। यह कार्य विशेषज्ञों की निगरानी में किया जा रहा है, ताकि पारंपरिक जल स्रोतों को दोबारा उपयोग योग्य बनाया जा सके।
महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि जल संरक्षण की इस मुहिम में सभी लोग भागीदारी निभाएं। उनका कहना है कि पानी बचाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। यदि सभी मिलकर प्रयास करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी सुरक्षित रखा जा सकेगा।