akhbaar update

यूनिफॉर्म विवाद पर उबाल: होम साइंस कॉलेज की छात्राओं ने किया चक्काजाम, प्रशासन से मांगा फैसला वापस लेने का आग्रह

 





जबलपुर। होम साइंस कॉलेज में नई यूनिफॉर्म लागू करने के फैसले के विरोध में सोमवार को छात्राओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में छात्राओं ने कॉलेज परिसर से रैली निकालते हुए शास्त्री ब्रिज चौराहे पर प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि कॉलेज प्रशासन हर शैक्षणिक सत्र में नई यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य करता है, जबकि पहले से खरीदी गई यूनिफॉर्म अभी भी पहनने योग्य है। उनका कहना है कि इस निर्णय से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ बढ़ रहा है।

छात्रा दुर्गा मेहरा ने बताया कि कई परिवार सीमित आय में बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं। ऐसे में फीस, किताबों और अन्य आवश्यक खर्चों के साथ हर साल नई यूनिफॉर्म खरीदना कठिन हो जाता है। वहीं सपना कुर्मी ने कहा कि प्रथम वर्ष में खरीदी गई दो जोड़ी यूनिफॉर्म अभी भी अच्छी स्थिति में हैं, इसके बावजूद दोबारा नई यूनिफॉर्म लेने का निर्देश दिया गया है।

छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रबंधन अपना निर्णय वापस नहीं लेता है तो उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कई छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।

मामले की जानकारी मिलने पर उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक अल्केश चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने बताया कि छात्राओं की आपत्तियों को गंभीरता से लिया जा रहा है और कॉलेज प्रबंधन के साथ बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यूनिफॉर्म को अनिवार्य के बजाय ऐच्छिक बनाए जाने के विकल्प पर विचार किया जा सकता है।

स्थिति को देखते हुए मदनमहल, गढ़ा और ओमती थाना पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की, जबकि प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी पक्षों से चर्चा के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update