akhbaar update

23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी

 




भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी रफ्तार में है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 9 जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है और नदी-नाले उफान पर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार सागर, दमोह, बैतूल, देवास, आलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और पन्ना समेत कई जिलों में तेज बारिश होने के आसार हैं।

रविवार को प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। सीहोर में दिन के समय घने बादलों के कारण अंधेरे जैसे हालात बने रहे, जबकि शाजापुर में 28 मिमी बारिश के बाद कालीसिंध नदी उफान पर पहुंच गई। सबसे अधिक वर्षा छिंदवाड़ा में रिकॉर्ड की गई, जहां ढाई इंच से ज्यादा पानी बरसा।

लगातार बारिश के चलते प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इंदौर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री, भोपाल का 32.2 डिग्री, उज्जैन का 32.7 डिग्री, जबलपुर का 34 डिग्री और ग्वालियर का 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बैतूल प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज हुआ।

प्रदेश में अब तक 163.1 मिमी यानी 6.4 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य औसत से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 17 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जबकि पूर्वी हिस्से में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई में मानसून और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। सामान्य तौर पर प्रदेश में पूरे सीजन की लगभग 40 प्रतिशत बारिश जुलाई महीने में होती है, जिससे आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा की उम्मीद जताई जा रही है। देवास इस सीजन का सबसे अधिक बारिश वाला जिला बन गया है, जहां अब तक 14.2 इंच पानी गिर चुका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update