जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम तिनसी में लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोरी के मामले में ग्राम रोजगार सहायक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला से मकान बनाने के लिए जरूरी एनओसी देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त टीम ने सोमवार को ग्राम पंचायत भवन तिनसी में कार्रवाई करते हुए आरोपी को 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम तिनसी निवासी राजकुमारी परस्ते (36) अपने मकान के लिए आबादी की जमीन से संबंधित एनओसी लेने के लिए ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू (41) के पास पहुंची थीं। आरोप है कि दिलीप साहू ने महिला से कहा कि अभी पट्टा नहीं मिलेगा, लेकिन एनओसी दिलाई जा सकती है। इसके बदले उसने 20 हजार रुपये की मांग की।
महिला ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से कर दी। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले का सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी ने रिश्वत की रकम में एक हजार रुपये कम करते हुए 19 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।
इसके बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। 27 जुलाई को महिला तय रकम लेकर ग्राम पंचायत भवन तिनसी पहुंची। जैसे ही उसने ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू को 19 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
लोकायुक्त अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की जा सकती है।
