जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में बिग बाजार साउथ एवेन्यू मॉल के पास शुक्रवार सुबह एक साइकिल दुकान के टपरे में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल की गाड़ी मौके पर तो पहुंच गई, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उससे आग नहीं बुझाई जा सकी। इसके बाद दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लोगों की मदद से आग को आसपास की दुकानों और मॉल तक फैलने से रोक लिया गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा सामान जलकर नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
इस घटना के बाद दमकल विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में भेजे जाने वाले दमकल वाहनों की पहले तकनीकी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं, सहायक फायर अधिकारी का कहना है कि विभाग की टीम ने आग बुझाने की कार्रवाई पूरी की। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।