जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली ब्रांडेड सामान बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 15 जुलाई को पुलिस ने अंधेरदेव जामा मस्जिद के पीछे स्थित दो थोक दुकानों पर छापा मारकर Puma कंपनी के नाम और लोगो वाले नकली कपड़े, कैप और पर्स जब्त किए। कार्रवाई में करीब 1 लाख 90 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद हुआ।
पुलिस को नई दिल्ली की एक विधिक फर्म की ओर से शिकायत मिली थी कि कोतवाली क्षेत्र की कुछ दुकानों में Puma कंपनी के नाम पर नकली सामान बेचा जा रहा है। शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान अग्रवाल स्पोर्ट्स के संचालक जितेंद्र अग्रवाल की दुकान से 322 लोअर, 116 टी-शर्ट और 80 सैंडो टी-शर्ट बरामद हुईं। वहीं दूसरी दुकान के संचालक कमल मंगलानी के यहां से 155 कैप और 30 पर्स मिले, जिन पर Puma कंपनी का लोगो लगा हुआ था।
पुलिस ने दोनों दुकानों से कुल 703 नकली उत्पाद जब्त कर लिए। दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नकली सामान कहां तैयार किया जा रहा था और इसे किन-किन जगहों पर सप्लाई किया जा रहा था। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राकेश उपमन, आरक्षक दान सिंह, उमेश पटेल और अजय की अहम भूमिका रही।