akhbaar update

पत्नी की शिकायत पर पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ मामला दर्ज

 


दहेज और घरेलू विवाद को लेकर प्रताड़ना का आरोप, तलाक से इनकार करने पर पति ने थप्पड़ मारे

जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति, सास, ससुर और जेठ पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुहागी अधारताल निवासी जागृति वैद्य (27) ने 19 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसका विवाह 8 जून 2016 को शीतलामाई घमापुर निवासी शुभम वैद्य के साथ हुआ था। शादी के करीब एक साल बाद वर्ष 2017 में बेटी के जन्म के बाद ससुराल वालों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया।

महिला का आरोप है कि उसकी सास, ससुर और जेठ आए दिन बेटी को लेकर उसे ताने देते थे और मानसिक रूप से परेशान करते थे। पति भी शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। आरोप है कि एक बार ससुराल वालों ने मिलकर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद उसके माता-पिता के समझाने पर वह दोबारा ससुराल लौट गई।

बेटी के साथ घर से निकाला

शिकायत के अनुसार, ससुराल लौटने के बाद भी प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। महिला का आरोप है कि बाद में उसे और उसकी बेटी को घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह किराए के मकान में रहने लगी।

महिला ने बताया कि उसका पति आए दिन शराब पीकर उसके पास आता और गाली-गलौज करता था। वहीं, सास, ससुर और जेठ ने उसके पति के खिलाफ तलाक का मामला न्यायालय में लगा दिया था।

दूसरी शादी करने की बात कहकर मांगा तलाक

महिला के अनुसार, उसने अपने पति से तलाक देने का कारण पूछा तो उसने किसी दूसरी महिला से शादी करने की बात कही। 19 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे पति उसके पास आया और तलाक देने के लिए कहने लगा। जब महिला ने तलाक देने से इनकार किया तो आरोप है कि पति ने उसके गाल पर थप्पड़ मार दिए।

महिला की शिकायत पर बेलबाग थाना पुलिस ने पति सहित चारों आरोपियों के खिलाफ धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp