जबलपुर। यादव कॉलोनी पुलिस चौकी क्षेत्र के कछपुरा ब्रिज के पास गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने जीजा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मदन महल थाना क्षेत्र के शिवनगर निवासी संतोष ठाकुर (28) अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान कछपुरा ब्रिज के पास उसका साला पीयूष पहले से मौजूद था। पुरानी रंजिश को लेकर पीयूष ने संतोष पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने संतोष की कमर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल संतोष को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी पीयूष के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।