भोपाल। मूंग खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को बड़ी संख्या में किसानों ने मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च करने की कोशिश की।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने पुलिस द्वारा लगाए गए चार स्तर के बैरिकेड्स तोड़ दिए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आरएलएल तिराहे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जानकारी के अनुसार करीब 100 किसान बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए।
आंदोलन के दौरान कुछ किसानों ने अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं कई किसान सड़क पर ही दाल-बाटी बनाकर भोजन करते नजर आए। रातभर धरने पर बैठे किसानों ने सड़क किनारे ही रात गुजारी।
प्रदर्शनकारी मूंग खरीदी में राहत, ई-टोकन व्यवस्था में सुधार और एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।