जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में शारदा मंदिर के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हाइवा के नीचे फंस गई और कुछ ही देर में आग का गोला बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार हाइवा ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद भी हाइवा चालक वाहन नहीं रोक सका और कार को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता रहा। इस दौरान कार आगे खड़े एक अन्य वाहन से टकरा गई, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके और वाहन के भीतर ही जिंदा जल गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही बरेला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझने के बाद पुलिस ने कार से दो जले हुए शव बरामद किए। मृतकों की पहचान प्रवीण शर्मा निवासी ग्राम बॉन्ड कलां, जिला भिवानी (हरियाणा) तथा मोनू शर्मा निवासी ग्राम खेड़ी बूरा, जिला भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से जबलपुर आए हुए थे।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। वहीं पुलिस ने फरार हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।