akhbaar update

शादी से इंकार पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, वाहनों में लगाई आग



जबलपुर। मझौली क्षेत्र में एक युवती के शादी से इंकार करने पर दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों परिवार भी उनकी शादी के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन बाद में युवती ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि बीती रात दोनों पक्ष बातचीत के लिए बैठे थे, लेकिन किसी बात पर सहमति नहीं बन सकी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और कुछ वाहनों में आग लगा दी गई।

सूचना मिलने पर मझौली थाना प्रभारी नेहरू खंडाते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक-युवती के बीच दोस्ती थी। युवती की शादी कहीं और तय होने के बाद युवक द्वारा किए गए कुछ मोबाइल संदेशों को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर करीब 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update