जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के गंगा मैया इलाके में शनिवार शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज के दौरान 14 वर्षीय एक किशोर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गले पर गंभीर चोट लगने से किशोर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, किशोर अपने कुछ परिचितों के साथ इलाके में खड़ा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर किशोर के गले पर हमला कर दिया। वार होते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल किशोर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर लिया। बताया जा रहा है कि अधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसका उपचार कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।