जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में 21 जून 2026 को 36वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की और उन्हें समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। विश्वविद्यालय में करीब 20 साल बाद किसी राष्ट्रपति का आगमन होने जा रहा है, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दीक्षांत समारोह के मुख्य सभागार में 486 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इस वर्ष 250 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। ऐसे में बैठक व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और विश्वविद्यालय प्रबंधन मिलकर योजना बना रहे हैं।
स्थान की कमी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने समारोह का लाइव प्रसारण कराने का फैसला लिया है। मुख्य सभागार के अलावा डीआईसी और एक अन्य बड़े हॉल में बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी, जहां विद्यार्थी और उनके परिजन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार और रविवार को भी कार्यालय और विभाग खुले रखने का निर्णय लिया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समारोह की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो सकें।