akhbaar update

ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म, 15 जून से हाईकोर्ट में नियमित सुनवाई शुरू



जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश शनिवार को समाप्त हो गया। इसके बाद सोमवार 15 जून से जबलपुर मुख्यपीठ सहित इंदौर और ग्वालियर खंडपीठ में नियमित अदालतें फिर से शुरू हो जाएंगी। नव नियुक्त एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया के नेतृत्व में सभी नियमित बेंचें मामलों की सुनवाई करेंगी।

हाईकोर्ट में 16 मई से 14 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहा। इस दौरान केवल जरूरी और आपातकालीन मामलों की सुनवाई की गई। अब अवकाश समाप्त होने के बाद लंबित मामलों की नियमित सुनवाई फिर से शुरू होगी।

इस बार समर वेकेशन के दौरान सुनवाई की व्यवस्था में बदलाव किया गया था। पहले वेकेशन बेंच सप्ताह में केवल दो दिन बैठती थी, लेकिन इस बार सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भी सुनवाई की गई। इससे जरूरी मामलों के निपटारे में मदद मिली।

इधर, इंदौर खंडपीठ में प्रशासनिक स्तर पर बदलाव की भी संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस विजय कुमार शुक्ला 27 जून को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके स्थान पर नई जिम्मेदारियों को लेकर मंथन चल रहा है।

जस्टिस विजय कुमार शुक्ला के सेवानिवृत्त होने के बाद हाईकोर्ट में कार्यरत जजों की संख्या 37 रह जाएगी। जबकि हाईकोर्ट में कुल 53 पद स्वीकृत हैं। ऐसे में 16 पद खाली हो जाएंगे, जिससे लंबित मामलों के निपटारे की चुनौती और बढ़ सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update