जबलपुर। ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी कर फरार होने वाले एक शातिर चोर को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है।
रेलवे पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि कटनी के मोहन टोला निवासी विपिन कुमार बढ़ई यात्रियों के मोबाइल चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को मदनमहल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने एक यात्री का करीब 16 हजार 500 रुपये कीमत का मोबाइल चोरी कर कैमोर निवासी रवि तिवारी उर्फ राका को मात्र एक हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने रवि को भी गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल की बिक्री के 500 रुपये नकद बरामद किए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि कुछ महीने पहले उसने इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे एक अन्य यात्री का मोबाइल भी चोरी किया था। पुलिस ने वह मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस टीम ने कुल 25 हजार 500 रुपये कीमत के दो चोरी के मोबाइल और नकदी जब्त की है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।