akhbaar update

कब्रिस्तान में वारदात की फिराक में खड़ा बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने देसी कट्टा और कारतूस किए जब्त

 


जबलपुर। हनुमानताल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कब्रिस्तान परिसर में देसी कट्टे में कारतूस लोड कर संदिग्ध हालत में खड़ा था। पुलिस ने मौके से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मरघटाई के आगे कब्रिस्तान में बने गुम्बदनुमा स्थान पर एक युवक अवैध हथियार लेकर मौजूद है और किसी गंभीर घटना को अंजाम देने या हथियार बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हारून राईन निवासी चांदनी चौक बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और कट्टे के चैम्बर में लोड एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को अवैध हथियार कहां से मिला और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हारून राईन आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पहले से अवैध वसूली, मारपीट समेत कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में 13 जून को हनुमानताल और गोहलपुर थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क एवं अन्य संभावित वारदातों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update