जबलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के मंडला-नागपुर बायपास पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पिता और मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, छोटेलाल (30) अपनी पत्नी अर्चना और चार वर्षीय बेटे अंकित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मंडला-नागपुर बायपास पहुंचे, तभी तेज गति से आ रहे हाइवा क्रमांक एमपी-34 जेडएफ-6543 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे सड़क पर दूर जाकर गिर पड़े। वहीं मोटरसाइकिल काफी दूरी तक घिसटती चली गई और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धूं-धूं कर जलने लगी।
हादसे में छोटेलाल और उनके मासूम बेटे अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अर्चना को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गौर पुलिस चौकी और बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हाइवा चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।