जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने मंगलवार सुबह नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अधिकारी के निवास समेत अन्य स्थानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच की गई।
ईओडब्ल्यू को शिकायत मिली थी कि संबंधित अधिकारी ने अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। शिकायत के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद टीम ने कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान अधिकारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में एक फ्लैट, करीब 10 हजार वर्गफीट का भूखंड, आंध्र प्रदेश में खरीदी गई कृषि भूमि, दो दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, निवेश और लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों के अनुसार फिलहाल तलाशी की कार्रवाई जारी है और बरामद दस्तावेजों के आधार पर अधिकारी की वैध आय और संपत्ति के बीच अंतर का आकलन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
